ऋषिकेश में पहली बार होगा ‘कीर्तन गौरव-2026’ का आयोजन, 50 से अधिक कीर्तन मंडलियां दिखाएंगी प्रतिभा
15 नवंबर को अनिल फार्म में होगी प्रतियोगिता, तीन चरणों में होगा श्रेष्ठ कीर्तन मंडलियों का चयन
ऋषिकेश। धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और मातृशक्ति की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से गढ़ महिला उत्थान समिति, ऋषिकेश की ओर से पहली बार ‘ऋषिकेश कीर्तन गौरव-2026’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। 15 नवंबर (रविवार) को हरिद्वार रोड स्थित खैरी खुर्द के अनिल फार्म में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र की 50 से अधिक कीर्तन मंडलियां प्रतिभाग करेंगी।
प्रतियोगिता की खास बात यह होगी कि सभी महिला प्रतिभागी पारंपरिक वेशभूषा और अपनी क्षेत्रीय भाषा में भजन एवं कीर्तन प्रस्तुत करेंगी। इसके माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक लोकधुनों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
समिति की उपाध्यक्ष संगीता राणा एवं सचिव कृष्णा रमोला ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, लोकभाषा, पारंपरिक पहनावे और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति हमारी संस्कृति और संस्कारों की सबसे मजबूत वाहक है। महिलाओं के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का यह एक सार्थक प्रयास है।
समिति की सांस्कृतिक सचिव शशि रावत एवं प्रशिक्षण सचिव ईशा चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित होगी। प्रथम चरण में सभी कीर्तन मंडलियों को पांच समूहों में बांटा जाएगा। प्रत्येक मंडली को अपनी पसंद का भजन प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट दिए जाएंगे। निर्णायक मंडल वेशभूषा, गायन, सुर-ताल और अनुशासन के आधार पर अंक प्रदान करेगा। समय पर पहुंचने वाली मंडलियों को विशेष अंक भी दिए जाएंगे। इस चरण के बाद 20 श्रेष्ठ मंडलियों का चयन होगा।
द्वितीय चरण में चयनित 20 मंडलियों को प्रादेशिक भाषा में भजन प्रस्तुत करना होगा। इस चरण से बेहतर प्रदर्शन करने वाली पांच मंडलियां अंतिम चरण में पहुंचेंगी। अंतिम चरण में निर्णायक मंडल द्वारा प्रत्येक मंडली को भजन का एक विषय दिया जाएगा, जिस पर पांच मिनट की प्रस्तुति देनी होगी। इसके आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के साथ दो सांत्वना पुरस्कार घोषित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की संचालक अलका क्षेत्री एवं कोषाध्यक्ष उमा ओबरॉय ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाली सभी मंडलियों को 15 नवंबर को सुबह 9 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 10 बजे किया जाएगा। सभी प्रतिभागी मंडलियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
समिति ने सभी प्रतिभागी कीर्तन मंडलियों से पूरी तैयारी, उत्साह और भक्तिभाव के साथ प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि ‘ऋषिकेश कीर्तन गौरव-2026’ भक्ति संगीत, क्षेत्रीय संस्कृति और महिला प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।


