शिक्षकों की कमी से प्रभावित हो रही पढ़ाई, हरिपुरकलां इंटर कॉलेज में रिक्त पद भरने की मांग

खबर शेयर करें -

हरिद्वार। राजकीय इंटर कॉलेज हरिपुरकलां में शिक्षकों की कमी के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय में लंबे समय से शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं, लेकिन अब तक उनकी नियुक्ति नहीं हो पाई है। वहीं, पर्याप्त भवन और अन्य संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद स्कूल को विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय की मान्यता भी नहीं मिल सकी है।

विद्यालय की इन समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने गुरुवार को हरिद्वार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया।

ज्ञापन में बताया गया कि राजकीय इंटर कॉलेज हरिपुरकलां में वर्ष 2017 से इंटरमीडिएट स्तर पर हिंदी और समाजशास्त्र विषयों के प्रवक्ता पद रिक्त हैं। लंबे समय से नियुक्तियां नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को इन विषयों की पढ़ाई में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दिव्या बेलवाल ने कहा कि विद्यालय में भवन सहित अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं। इसके बावजूद विज्ञान और वाणिज्य वर्ग की मान्यता नहीं मिलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को इन संकायों में पढ़ाई के लिए दूसरे विद्यालयों का रुख करना पड़ता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि विद्यालय में रिक्त शिक्षक पदों पर जल्द नियुक्तियां की जाएं और विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय की मान्यता दिलाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए। इससे हरिपुरकलां और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

Ad