बीएएमएस में दाखिले के लिए नहीं मिलेगा अतिरिक्त समय, काउंसलिंग के दिन ही पूरी करनी होंगी सभी औपचारिकताएं

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में बीएएमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों को अब सीट आवंटित होने के बाद दाखिले के लिए अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय ने मापअप राउंड की काउंसलिंग को लेकर प्रक्रिया में बदलाव करते हुए उसी दिन प्रवेश की सभी औपचारिकताएं पूरी कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए काउंसलिंग स्थल पर ही दस्तावेजों का सत्यापन, मेडिकल परीक्षण और प्रवेश की व्यवस्था की जाएगी। निर्धारित समय के भीतर दाखिला सुनिश्चित नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की आवंटित सीट निरस्त कर दी जाएगी।

दरअसल, विश्वविद्यालय की ओर से द्वितीय चरण की काउंसलिंग के बाद रिक्त रह गई बीएएमएस सीटों को भरने के लिए मापअप राउंड का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके तहत अभ्यर्थी 17 से 20 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कराने के साथ निर्धारित शुल्क जमा कर सकेंगे। वहीं, 21 नवंबर को रात 11:30 बजे तक मेरिट सूची जारी की जाएगी।

सीट आवंटन के लिए अभ्यर्थियों को अलग-अलग तिथियों पर काउंसलिंग में शामिल होना होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर को आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है, जबकि 24 नवंबर को अनारक्षित राज्य कोटे और अखिल भारतीय कोटे के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। यह पूरी प्रक्रिया हर्रावाला स्थित उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी।

विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित आयुर्वेद कॉलेजों की प्रवेश समितियों को भी काउंसलिंग स्थल पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण भी उसी दिन कराया जाएगा, जिस दिन उन्हें सीट आवंटन के लिए बुलाया गया है।

विश्वविद्यालय का उद्देश्य मापअप राउंड में आवंटित सीटों पर तत्काल प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराना है, ताकि सीटें खाली न रहें। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग में शामिल होने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें और निर्धारित समय पर उपस्थित हों।

Ad