अंकिता भंडारी हत्याकांड: उर्मिला सनावर का गांधीनगर में होगा नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट

खबर शेयर करें -

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी अभिनेत्री उर्मिला सनावर का अब नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाएगा। गुजरात के गांधीनगर में होने वाले इन परीक्षणों के लिए सनावर ने अदालत में अपनी सहमति दे दी है। इसके बाद सीबीआइ अदालत ने छह सप्ताह के भीतर दोनों टेस्ट कराने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, अभिनेत्री ने मांग की है कि उनसे पहले पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए।

शुक्रवार को उर्मिला सनावर सीबीआइ अदालत में पेश हुईं। इस दौरान उन्होंने नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए सहमति जताई। अदालत ने उनकी सहमति के आधार पर परीक्षण की प्रक्रिया छह सप्ताह के भीतर पूरी करने का आदेश दिया। इन टेस्ट के जरिए मामले से जुड़े आरोपों और दावों की जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।

इससे पहले सनावर को 26 अक्टूबर को अदालत में पेश होना था, लेकिन पेशी से ठीक पहले पुलिस ने उन्हें एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई। जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की ओर से उनके खिलाफ रुपये मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

अदालत में पेशी से पहले अभिनेत्री ने सुरेश राठौर पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। सनावर का दावा है कि जेल में रहने के दौरान उन्हें 25 लाख रुपये और एक कार देने का प्रस्ताव दिया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राठौर की ओर से उनके लिए करवाचौथ का सामान भिजवाया गया था।

फिलहाल अदालत के आदेश के बाद दोनों परीक्षणों की प्रक्रिया पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में सनावर की ओर से लगाए गए आरोपों और उनकी नार्को टेस्ट से पहले सुरेश राठौर का परीक्षण कराने की मांग को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

Ad