उत्तराखंड में SI के 200 पदों पर भर्ती का ऐलान, एक दिसंबर से शुरू होंगे आवेदन
उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में वर्दीधारी उप निरीक्षक (SI) के कुल 200 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने भर्ती को लेकर जानकारी साझा करते हुए आवेदन की तारीखों का ऐलान कर दिया है।
आयोग के मुताबिक, इच्छुक अभ्यर्थी एक दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की प्रक्रिया 31 दिसंबर तक जारी रहेगी। इस भर्ती के तहत पुलिस, पीएसी, आइआरबी, अग्निशमन और आबकारी विभाग में खाली पदों को भरा जाएगा।
विभिन्न विभागों में इन पदों पर होगी नियुक्ति
आयोग सचिव एनके डुंगरियाल के अनुसार, कुल 200 पदों में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19 और प्लाटून कमांडर पीएसी/आइआरबी के 81 पद शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन विभाग में द्वितीय अधिकारी के पांच और आबकारी विभाग में उप आबकारी निरीक्षक के दो पदों पर भर्ती की जाएगी।
महिला और पुरुष अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
इन पदों के लिए महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, प्लाटून कमांडर के सभी 81 पद केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 18 अप्रैल 2027 को प्रस्तावित है।
ऐसे में पुलिस और अन्य वर्दीधारी विभागों में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के पास आवेदन का अवसर होगा। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आयोग की ओर से जारी विस्तृत भर्ती विज्ञप्ति और पात्रता संबंधी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी जाती है।


