दिव्यांग विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में मिलेगी 5 अंकों की छूट, पास होने के लिए जरूरी होंगे 28 प्रतिशत अंक
उत्तराखंड में दिव्यांग छात्र-छात्राओं को विद्यालयी परीक्षाओं में बड़ी राहत मिलने जा रही है। राज्य सरकार ने कक्षा 9 से 12वीं तक के दिव्यांग विद्यार्थियों को परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए पांच अंकों की अतिरिक्त छूट देने का निर्णय लिया है। शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों को परीक्षा पास करने के लिए न्यूनतम 28 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। अब तक निर्धारित उत्तीर्णांक प्राप्त करने में जिन विद्यार्थियों को परेशानी होती थी, उन्हें इस फैसले से राहत मिलने की उम्मीद है। पांच अंकों की छूट से ऐसे विद्यार्थियों के लिए परीक्षा में सफल होने की संभावना बढ़ेगी।
शासनादेश के अनुसार, यह सुविधा सभी दिव्यांग श्रेणियों के विद्यार्थियों को नहीं मिलेगी। इसका लाभ बौद्धिक अक्षमता, मानसिक बीमारी, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार, सेरेब्रल पाल्सी और विशेष शिक्षण अक्षमता से संबंधित श्रेणियों के परीक्षार्थियों को दिया जाएगा।
इस छूट का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को संबंधित दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। वहीं, व्यावसायिक शिक्षा के विषयों में उत्तीर्ण होने के लिए पहले से निर्धारित नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन विषयों में पूर्व की व्यवस्था के अनुसार ही परीक्षा परिणाम निर्धारित किया जाएगा।
शिक्षा सचिव ज्योति यादव की ओर से जारी आदेश के बाद प्रदेश के माध्यमिक स्तर के पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों को परीक्षा में अतिरिक्त राहत मिलेगी। सरकार के इस कदम को समावेशी शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


