उत्तराखंड में बढ़ने लगी सर्दी की दस्तक, सुबह-शाम ठिठुरन तेज; घाटियों में कोहरे का अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे सर्द होता जा रहा है। तापमान में आ रही गिरावट का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने के साथ ही मैदानी इलाकों में रातें भी अधिक सर्द होने लगी हैं। वहीं, हल्की हवाओं और आसमान में छाए बादलों के कारण दिन के समय भी ठंड का एहसास हो रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, घाटी वाले इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने की भी आशंका जताई गई है।
राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह हल्की धुंध के साथ दिन की शुरुआत हुई। इसके बाद धूप निकलने से मौसम कुछ साफ हुआ, लेकिन बीच-बीच में चलती हवाओं ने ठंड का अहसास बनाए रखा। दोपहर बाद कुछ स्थानों पर आसमान में आंशिक बादल भी दिखाई दिए।
तापमान की बात करें तो देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे करीब एक डिग्री अधिक बना हुआ है। इसके उलट रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। पर्वतीय इलाकों में पाले का असर देखने को मिल सकता है, जबकि घाटियों में हल्का कोहरा छाने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।


