उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, 32 की जगह 50 खेल होंगे शामिल; पुरस्कार राशि भी बढ़ी

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्राफी के तहत आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में बड़े बदलावों को मंजूरी दी है। इसके तहत प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 कर दी जाएगी। साथ ही खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि में भी इजाफा किया गया है।

नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के पारंपरिक खेलों को भी प्रतियोगिताओं का हिस्सा बनाया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब स्थापित किए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इन प्रयासों से गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

पंचायत से राज्य स्तर तक बढ़ेगी इनामी राशि

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता के अलग-अलग स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि में वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को अब 400 रुपये मिलेंगे, जबकि पहले यह राशि 300 रुपये थी। इसी तरह दूसरे स्थान के लिए पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तीसरे स्थान के लिए 150 से बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया गया है।

विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 700, 500 और 400 रुपये निर्धारित किए गए हैं। पहले इनकी राशि 500, 400 और 300 रुपये थी।

संसदीय क्षेत्र स्तर पर विजेताओं को अब क्रमशः 1000, 800 और 600 रुपये दिए जाएंगे। वहीं, राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 2000, द्वितीय 1500 और तृतीय पुरस्कार 1000 रुपये होगा।

मुख्यमंत्री कप जीतने वाले जिले को मिलेंगे 10 लाख

प्रतियोगिता में ओवरऑल विजेता बनने वाले जिले के लिए भी सरकार ने पुरस्कार राशि दोगुनी कर दी है। अब मुख्यमंत्री कप जीतने वाले जनपद को पांच लाख रुपये के बजाय 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही प्रतियोगिता के आयोजन के लिए निर्धारित कुल बजट में भी आवश्यक बढ़ोतरी की जाएगी।

देहरादून में बनेगा मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र

खेल सुविधाओं के विस्तार के तहत मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी है। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम के साथ अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के युवाओं को खेल गतिविधियों और प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

चंपावत के मेला स्थल के विकास को भी मंजूरी

इसके अलावा चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढकना बडोला में ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सुंदरीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये की धनराशि से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

सरकार के इन फैसलों से प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ ग्रामीण स्तर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। पारंपरिक खेलों को प्रतियोगिताओं में जगह मिलने से उत्तराखंड की स्थानीय खेल संस्कृति को भी नई पहचान मिल सकेगी।

Ad