नरेंद्रनगर महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों की समस्याओं के लिए शुरू हुई अभिव्यक्ति पेटिका

खबर शेयर करें -

नरेंद्रनगर। विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में विशेष पहल की गई। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर महाविद्यालय की मानसिक स्वास्थ्य परामर्श समिति एवं मनोविज्ञान विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों को अपनी मानसिक परेशानियां साझा करने के लिए अभिव्यक्ति पेटिका का शुभारंभ किया गया।

अभिव्यक्ति पेटिका के माध्यम से विद्यार्थी अपनी समस्याएं लिखित रूप में मोबाइल नंबर के साथ साझा कर सकेंगे। मानसिक स्वास्थ्य परामर्श समिति और मनोविज्ञान विभाग इन समस्याओं पर विचार कर विद्यार्थियों को उचित परामर्श एवं समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को अपनी परेशानियों के बारे में खुलकर बात करने के लिए सुरक्षित और सहज माध्यम उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान समय में अवसाद, चिंता और पैनिक अटैक जैसी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां बढ़ रही हैं। ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से स्वस्थ विद्यार्थी कठिन परिस्थितियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकते हैं और चुनौतियों को अपनी प्रगति में बाधा बनने से रोक सकते हैं।

विषय विशेषज्ञ डॉ. रंजीता जौहरी ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की मानसिक परेशानी होने पर उसे छिपाने के बजाय माता-पिता, शिक्षकों और दोस्तों से खुलकर बातचीत करनी चाहिए। समय पर समस्या साझा करने और जरूरत पड़ने पर मनोचिकित्सीय परामर्श लेने से मानसिक परेशानियों से उबरने में मदद मिल सकती है।

वहीं, डॉ. सृचना सचदेवा ने मानसिक स्वास्थ्य को जीवन कौशल से जोड़ते हुए सोशल मीडिया और इंटरनेट के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तकनीकी युग में सोशल मीडिया की लत मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों के उपयोग की सीमा निर्धारित करने और संतुलित दिनचर्या अपनाने की जरूरत है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोनी तिलारा ने किया। इस अवसर पर डॉ. सुधा रानी, डॉ. अंकिता रावत, डॉ. बीपी पोखरियाल, डॉ. जितेंद्र नौटियाल, मनोज भूषण, सोनिया, वर्षा, शिशुपाल, विशाल त्यागी सहित महाविद्यालय के कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Ad