स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान का मिला लाभ, आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय पर सरकार का बड़ा फैसला

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड की आशा कार्यकर्ताओं के लिए धामी सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में उनके मासिक मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस फैसले के बाद आशा कार्यकर्ताओं को अब प्रतिमाह 8300 रुपये के बजाय 10 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।

कैबिनेट के इस निर्णय को प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में अहम योगदान देने वाली आशा कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करती हैं। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में उनकी भूमिका काफी अहम रहती है।

गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित और संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करना, नवजात शिशुओं की देखभाल तथा टीकाकरण अभियान में सहयोग करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल पर लागू कराने में भी आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रहती है।

अब तक उन्हें 8300 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा था। कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसमें 1700 रुपये की वृद्धि होगी, जिससे उनका मासिक मानदेय 10 हजार रुपये हो जाएगा। लंबे समय से स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में जुटी आशा कार्यकर्ताओं के लिए यह फैसला आर्थिक राहत देने वाला माना जा रहा है।

कैबिनेट में 23 प्रस्तावों को मिली मंजूरी

शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी के अलावा कुल 23 प्रस्तावों पर सहमति बनी। इनमें भवन निर्माण से जुड़े नियमों में छूट देने, भूमि उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज) की दरों में लगभग 25 प्रतिशत की कटौती और हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण फैसले शामिल हैं।

इसके साथ ही वन भूमि पर बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने के मामले में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने पर भी सैद्धांतिक सहमति जताई गई। कैबिनेट के इन फैसलों को प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं, शहरी विकास और अन्य व्यवस्थाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

Ad