उत्तराखंड में रोजगार के नए अवसरों का विस्तार, 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी और 1.1 लाख को मिला रोजगार
देहरादून। उत्तराखंड में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर राज्य सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रयास तेज किए हैं। सरकारी नौकरियों के साथ कौशल विकास, स्टार्टअप, लघु उद्योग और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देकर युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का दावा है कि इन पहलों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और प्रदेश में रोजगार के नए रास्ते खुले हैं।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए अब तक 36 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है। वहीं, प्रदेश में स्थापित 20 हजार नए लघु उद्योगों के माध्यम से 1.1 लाख से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिली है।
स्टार्टअप के क्षेत्र में भी उत्तराखंड ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। वर्ष 2017 में प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या शून्य थी, जो अब बढ़कर 1750 से अधिक हो गई है। इसके अलावा एमएसएमई क्षेत्र में रोजगार पाने वाले लोगों की संख्या 4,56,605 तक पहुंच गई है। सरकार की ओर से बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आने का भी दावा किया गया है।
औद्योगिक विकास को रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया जा रहा है। इसके तहत इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर, मेडिकल डिवाइस पार्क, अरोमा पार्क और प्लास्टिक पार्क जैसी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। सरकार के अनुसार, इन औद्योगिक पहलों के माध्यम से पिछले दो वर्षों में करीब एक लाख रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
सरकार का कहना है कि सरकारी भर्ती के साथ निजी उद्योगों, स्वरोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहन देने की नीति से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के विकल्प बढ़ रहे हैं। आने वाले समय में कौशल विकास और औद्योगिक निवेश के जरिए इस दिशा में और अवसर तैयार करने पर ध्यान दिया जाएगा।


