उत्तराखंड के दो लाख किसानों को मिलेगा 600 करोड़ का सहकारी ऋण, एक दिसंबर से सभी ब्लॉकों में लगेंगे मेले

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और कृषि गतिविधियों के लिए आसान ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने बड़ी पहल की है। सरकार ने चालू वर्ष में दो लाख किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से 600 करोड़ रुपये का ऋण देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए एक दिसंबर से प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में वृहद स्तर पर सहकारिता ऋण मेले आयोजित किए जाएंगे।

इस संबंध में सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत ने नाबार्ड मुख्यालय में विभागीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को ऋण मेलों के आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि इन मेलों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और किसानों को सरल प्रक्रिया के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

बैठक में केंद्र सरकार की वित्तपोषित योजनाओं, ब्याजमुक्त ऋण वितरण और सहकारी बैंकों की वित्तीय स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान जिला सहकारी बैंकों में बढ़ते एनपीए (गैर निष्पादित परिसंपत्तियों) को लेकर मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने बैंकों को करीब 400 करोड़ रुपये की ऋण वसूली का लक्ष्य देते हुए इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

मंत्री ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को सात दिसंबर तक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं की प्रगति और विभागीय कार्यों की स्थिति का आकलन किया जा सके।

वहीं, ऋण वितरण के लक्ष्य की जनपदवार समीक्षा में चमोली जिला 63 प्रतिशत उपलब्धि के साथ सबसे आगे रहा। ऊधमसिंह नगर ने 52 प्रतिशत, अल्मोड़ा ने 50 प्रतिशत और हरिद्वार ने 49 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।

सरकार का लक्ष्य ऋण मेलों के माध्यम से किसानों तक सहकारी बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना और उन्हें खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों के लिए आसान वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।

Ad