पवाणी गांव के अग्निकांड प्रभावित परिवारों को मिलेगी 5-5 लाख की मदद, छह महीने का राशन भी देगी सरकार

खबर शेयर करें -

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में आग लगने से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ ही अगले छह महीने तक राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्दियों और संभावित बर्फबारी को ध्यान में रखते हुए प्रभावित परिवारों के रहने के लिए तत्काल सुरक्षित आवास की व्यवस्था की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि इस घटना के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उनकी शिक्षा सुचारु रूप से जारी रहे।

पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। प्रभावित लोगों को जरूरत के अनुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अग्निकांड से हुए नुकसान का विस्तृत और वास्तविक आकलन करने तथा उसी के आधार पर राहत एवं सहायता के कदम उठाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने आग की घटना में अपने घर और जीवनभर की जमा पूंजी खो दी है, उनके दुख को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। ऐसे परिवारों को दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता और गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास करेगी।

Ad