नैनीताल में भुट्टा और स्वीट कॉर्न बेचने वालों के लिए हाई कोर्ट का सख्त आदेश, वेंडर रजिस्ट्रेशन और फूड लाइसेंस अनिवार्य
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर भुट्टा व स्वीट कॉर्न बेचने वाले दुकानदारों और वेंडरों को अब नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। उत्तराखंड हाई कोर्ट ने बिना वेंडर पंजीकरण और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के इन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका नैनीताल की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित ने संबंधित कारोबारियों को निर्धारित समयसीमा में जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा। कोर्ट ने वेंडर रजिस्ट्रेशन के लिए दो दिन और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के लिए सात दिन के भीतर आवेदन करने के निर्देश दिए हैं।
सुनवाई के दौरान नगर पालिका की ओर से बताया गया कि शहर और आसपास के व्यू प्वाइंट्स पर कई विक्रेताओं द्वारा खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। साथ ही उनके कारोबार के कारण सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
नगर पालिका ने इस व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों की बिक्री के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण और लाइसेंस की अनिवार्यता पर जोर दिया गया।
हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद नैनीताल के पर्यटन स्थलों पर भुट्टा और स्वीट कॉर्न बेचने वाले विक्रेताओं को निर्धारित समय के भीतर पंजीकरण और खाद्य लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इससे खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुपालन और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


