देहरादून में रविवार को लगेगा निश्शुल्क कैंसर क्लीनिक, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे परामर्श और जांच की सुविधा

खबर शेयर करें -

देहरादून। कैंसर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गंगा प्रेम हास्पिस रायवाला की ओर से रविवार को निश्शुल्क कैंसर क्लीनिक का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर बंजारावाला स्थित पुराने संजीवन स्कूल में लगाया जाएगा। इसमें मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने के साथ ही जांच और दवाओं की सुविधा भी बिना किसी शुल्क के मिलेगी।

गंगा प्रेम हास्पिस की कार्यकारी अधिकारी पूजा डोगरा ने बताया कि शिविर में दिल्ली स्थित राजीव गांधी कैंसर संस्थान के प्रधान निदेशक एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डा. एके दीवान मरीजों को परामर्श देंगे। डा. दीवान को कैंसर उपचार के क्षेत्र में करीब 40 वर्षों का अनुभव है। वह सिर, गले, मुंह और स्तन कैंसर की सर्जरी के विशेषज्ञ हैं। अब तक उनके द्वारा 18 हजार से अधिक ऑपरेशन किए जा चुके हैं।

पूजा डोगरा के अनुसार, कैंसर क्लीनिक में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के अलावा आवश्यक जांच और दवाओं का वितरण भी निश्शुल्क किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना और उन्हें समय पर उपचार के लिए प्रोत्साहित करना है।

क्लीनिक में शामिल होने के इच्छुक मरीज हेल्पलाइन नंबर 9410707108 पर संपर्क कर अपना निश्शुल्क पंजीकरण करा सकते हैं।

Ad