उत्तराखंड में पांच हेल्थ सप्लीमेंट कंपनियों पर कार्रवाई, बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग करेगा जांच
देहरादून: स्वास्थ्य और फिटनेस बेहतर बनाने का दावा करने वाले हेल्थ सप्लीमेंट अब खाद्य सुरक्षा विभाग के निशाने पर हैं। इन उत्पादों की गुणवत्ता और नियमों के पालन को लेकर उठे सवालों के बाद उत्तराखंड में भी सख्ती शुरू हो गई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने नियमों का उल्लंघन करने पर पांच कंपनियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। साथ ही इनके उत्पादों की बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है।
केंद्रीय स्तर पर हुई इस कार्रवाई के बाद उत्तराखंड के खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने प्रदेश में भी आदेश लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें मेडिकल स्टोर, हेल्थ सप्लीमेंट की दुकानों और अन्य खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान प्रतिबंधित कंपनियों के उत्पादों की उपलब्धता और उनके स्टाक की जांच की जाएगी।
दुकानों में खंगाले जाएंगे खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड
जांच के दौरान अधिकारियों की नजर केवल उत्पादों की मौजूदगी तक सीमित नहीं रहेगी। टीमों को संबंधित सप्लीमेंट के बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट की पड़ताल करने के साथ खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों का भी सत्यापन करना होगा। दुकानों में उपलब्ध प्रतिबंधित उत्पादों को बिक्री से हटवाया जाएगा। साथ ही यह जानकारी भी जुटाई जाएगी कि इनकी आपूर्ति किन वितरकों और माध्यमों से हुई है।
आपूर्ति नेटवर्क पर भी रहेगी विभाग की नजर
खाद्य सुरक्षा विभाग प्रतिबंधित कंपनियों से जुड़े वितरकों और विक्रेताओं के रिकॉर्ड के आधार पर पूरे सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाएगा। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय के अनुसार, जांच में यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि प्रदेश में इन कंपनियों के उत्पाद कितने प्रतिष्ठानों तक पहुंचे हैं और बाजार में इनका कितना स्टाक मौजूद है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद उत्पादों की बिक्री करने या जांच के दौरान स्टाक छिपाने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य प्रतिबंधित हेल्थ सप्लीमेंट को बाजार से हटाना और उपभोक्ताओं तक ऐसे उत्पादों की पहुंच रोकना है।


