शिक्षा से ही समाज की तरक्की संभव, आर्थिक तंगी के चलते किसी बच्चे की पढ़ाई न रुके: राज्यपाल
गोंदिया में पंवार प्रगतिशील मंच के अभिनंदन समारोह में शामिल हुए राज्यपाल, युवाओं को रोजगार देने वाला बनने की दी प्रेरणा
महाराष्ट्र के गोंदिया में बुधवार को आयोजित पंवार प्रगतिशील मंच के अभिनंदन समारोह में राज्यपाल डा. ढाल सिंह बिसेन ने शिक्षा को सामाजिक विकास और प्रगति की सबसे मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानियां किसी भी होनहार बच्चे की पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए। समाज के प्रत्येक वर्ग तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने बेटियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित न रखते हुए उच्च शिक्षा, कौशल विकास, शोध, विज्ञान और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इससे युवा आत्मनिर्भर बनने के साथ समाज और देश के विकास में भी अहम भूमिका निभा सकेंगे।
उन्होंने गोंदिया में पंवार समाज की सामाजिक और शैक्षिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1900 से समाज ने संगठित होकर निरंतर प्रगति की है। समाज को शिक्षित और जागरूक बनाने के लिए पूर्वजों ने जो प्रयास किए, वे आज भी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
राज्यपाल ने वर्ष 1976 में स्थापित श्री प्रगतिशील शिक्षण संस्था और वर्ष 1991 में गठित पंवार प्रगतिशील मंच के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं ने समाज में शिक्षा और प्रगतिशील सोच को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
युवाओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उन्हें नौकरी पाने तक अपनी सोच सीमित नहीं रखनी चाहिए, बल्कि ऐसे अवसर और संसाधन विकसित करने चाहिए, जिनसे वे दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकें। उन्होंने आत्मनिर्भरता, नवाचार और उद्यमिता को अपनाकर समाज की आर्थिक एवं सामाजिक उन्नति में योगदान देने का आह्वान किया।


