बैणी-भुली योजना के विरोध पर सीएम धामी का कांग्रेस पर हमला, बोले- महिलाओं की तरक्की से विपक्ष को परेशानी

खबर शेयर करें -

नारसन। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैणी-भुली योजना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे महिला विरोधी मानसिकता वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई योजनाएं संचालित कर रही है, लेकिन कांग्रेस इन प्रयासों का विरोध कर रही है। महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता से विपक्ष को परेशानी हो रही है।

नारसन में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की बहनों को आर्थिक सहयोग मिलेगा। इस धनराशि का उपयोग महिलाएं अपने छोटे कारोबार और स्वरोजगार को आगे बढ़ाने में कर सकेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नहीं चाहती कि महिलाओं के बैंक खातों में आर्थिक सहायता पहुंचे और वे आत्मनिर्भर बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2021 में जब उन्होंने प्रदेश की जिम्मेदारी संभाली, उस समय कोरोना महामारी का संकट था। उस दौर में महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद खराब होने से बचाने और उनके आर्थिक नुकसान को कम करने के लिए सरकार ने विशेष पैकेज उपलब्ध कराया था। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण देने की व्यवस्था भी की गई।

उन्होंने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री नारी सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना जैसी पहल शुरू की हैं। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का निर्णय भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

सीएम धामी ने कहा कि महिलाओं के हित में लिए गए ये फैसले किसी चुनावी लाभ को ध्यान में रखकर नहीं किए गए हैं। पिछले पांच वर्षों से सरकार महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। आज प्रदेश की महिलाएं स्वरोजगार, उद्यमिता और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और आत्मनिर्भरता कांग्रेस को रास नहीं आ रही है।

Ad