उत्तरकाशी का नालेश्वर महादेव मंदिर बनेगा खास वेडिंग डेस्टिनेशन, कॉरिडोर परियोजना को सीएम धामी का समर्थन

खबर शेयर करें -

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के गाजणा क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक नालेश्वर महादेव मंदिर को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। मंदिर परिसर को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ वेडिंग डेस्टिनेशन के तौर पर पहचान दिलाने की योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए प्रस्तावित नालेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर परियोजना को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी समर्थन दिया है और इसके विकास में आर्थिक सहयोग का भरोसा दिलाया है।

बुधवार को मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री धामी ने नालेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर परियोजना के पोस्टर का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मंदिर चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़ा एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। इसके सुनियोजित विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने परियोजना को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की पहल को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे देश और विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। वे अपने पैतृक गांव और क्षेत्र में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह समारोह आयोजित कर सकेंगे।

परियोजना के धरातल पर उतरने से नालेश्वर महादेव मंदिर को धार्मिक पहचान के साथ पर्यटन के मानचित्र पर भी नई जगह मिलने की उम्मीद है। इससे गाजणा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।

Ad