उत्तराखंड में 28 नवंबर को मनाया जाएगा राज्य आपदा प्रबंधन दिवस, 13 जिलों में एक साथ होगी मॉक ड्रिल
देहरादून। सिलक्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड में 28 नवंबर को राज्य आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश के सभी 13 जिलों में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके तहत 250 से 300 स्थानों पर एक साथ आपदा से निपटने की तैयारियों का अभ्यास किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने की। अभ्यास के दौरान सभी जिलों के अधिकारियों ने अलग-अलग आपदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों, उपलब्ध संसाधनों, संचार व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल की समीक्षा की।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि आपदा के दौरान समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में सभी संबंधित एजेंसियों को अपनी जिम्मेदारियों की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी के राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, भूस्खलन, बादल फटने, बाढ़, हिमस्खलन और जंगलों में आग लगने जैसी प्राकृतिक आपदाओं के साथ टनल व सड़क दुर्घटनाओं तथा औद्योगिक और विद्युत हादसों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा।
इस दौरान राहत शिविरों में जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता भी जांची जाएगी। इनमें बिजली, पेयजल, भोजन, प्राथमिक उपचार और शिशुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ गर्भवती महिलाओं की विशेष जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस तथा होमगार्ड की तैनाती से संबंधित व्यवस्थाओं का भी परीक्षण होगा।
इस अभियान में आपदा मित्रों के साथ पूर्व सैनिकों, एनसीसी, एनएसएस, रेडक्रास और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी रहेगी। वहीं, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ सहित अन्य बचाव एजेंसियां आधुनिक उपकरणों के जरिए अपनी तैयारियों का प्रदर्शन करेंगी। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में भी सुरक्षा अभ्यास आयोजित कर लोगों को आपदा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस व्यापक अभ्यास का उद्देश्य प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना और आपात परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना है।


