गंगा संरक्षण और गोवंश को सम्मान दिलाने के संकल्प के साथ डोईवाला पहुंची शंकराचार्य संदेश यात्रा
देहरादून। गंगा को राष्ट्रमाता और गाय को राष्ट्रमाता के साथ उत्तराखंड में राज्यमाता का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर निकाली जा रही शंकराचार्य संदेश यात्रा गुरुवार को डोईवाला विधानसभा क्षेत्र पहुंची। बालावाला की सैनिक कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दंडी स्वामी चैतन्य मुकुंदानंद सरस्वती का श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने उनका पद पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन डोईवाला तीर्थ संयोजक प्रमोद कपरूवाण शास्त्री की ओर से किया गया। इस दौरान स्वामी चैतन्य मुकुंदानंद सरस्वती ने कहा कि यात्रा के माध्यम से गंगा की स्वच्छता और संरक्षण, सनातन संस्कृति के प्रसार तथा धार्मिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने गाय को राष्ट्रमाता और उत्तराखंड में राज्यमाता घोषित करने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया।
वहीं, प्रमोद कपरूवाण शास्त्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक पहचान और पवित्रता बनाए रखने के लिए तीर्थस्थलों के आसपास मांस कारोबार और शराब की दुकानों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखना, प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा करना और सनातन परंपराओं को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से गंगा संरक्षण, गोवंश के सम्मान और उत्तराखंड की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।


