उत्तराखंड में फिलहाल सामान्य से ऊपर तापमान, 27-28 नवंबर को बढ़ेगी ठंड; पाला और कोहरे का अलर्ट

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ नजर आ रहा है। नवंबर के अंतिम दिनों में भी प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी जिलों तक दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि, आने वाले दो दिनों में मौसम का रुख बदल सकता है। मौसम विभाग ने 27 और 28 नवंबर को कई क्षेत्रों में पाला पड़ने और कोहरा छाने की संभावना जताई है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 और 28 नवंबर को पर्वतीय जिलों के साथ हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में पाला गिरने के आसार हैं। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने से सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। इसके बाद 29 नवंबर से दो दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। फिलहाल दिसंबर की शुरुआत तक बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

धूप से दिन में कम हो रही ठंड

बृहस्पतिवार को प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। तेज धूप के चलते लोगों को दिन के समय ठंड से काफी राहत मिली। खास बात यह रही कि केवल अधिकतम ही नहीं, बल्कि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। मौसम के इस बदलाव के चलते नवंबर के आखिरी सप्ताह में भी ठंड का असर अपेक्षाकृत कम महसूस किया जा रहा है।

हालांकि, अगले दो दिनों में पाला और कोहरे की स्थिति बनने से तापमान में गिरावट और ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सुबह और देर रात घर से बाहर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

Ad