देहरादून में युवाओं के लिए मुफ्त स्किल ट्रेनिंग का मौका, 650 से अधिक सीटों पर मिलेगा प्रवेश; युवतियों को हॉस्टल सुविधा भी

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में उत्तराखंड कौशल विकास मिशन की ओर से राजधानी देहरादून में हॉस्पिटैलिटी से लेकर तकनीकी क्षेत्रों तक कई शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए गए हैं। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के तहत संचालित इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 15 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।

उत्तराखंड कौशल विकास सोसाइटी की इस पहल के तहत तीन से चार महीने की अवधि वाले कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि प्रशिक्षण लेने वाली युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों में 650 से अधिक सीटें निर्धारित की गई हैं, जिससे युवाओं को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार क्षेत्र चुनने का अवसर मिलेगा।

आईएचएम में हॉस्पिटैलिटी के 500 से अधिक प्रशिक्षण अवसर

गढ़ी कैंट स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), देहरादून में होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े दो प्रमुख कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं। यहां हाउसकीपिंग असिस्टेंट के लिए 150 सीटें रखी गई हैं, जबकि फूड एंड बेवरेज असिस्टेंट के प्रशिक्षण के लिए 350 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं।

इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को होटल उद्योग से संबंधित जरूरी कौशल सिखाए जाएंगे, जिससे उन्हें हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में रोजगार के अवसर तलाशने में मदद मिल सकेगी।

तकनीकी प्रशिक्षण के लिए सहसपुर में व्यवस्था

तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए सहसपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भी प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। यहां 12वीं पास और आईटीआई योग्यता रखने वाले युवक-युवतियों के लिए सोलर पीवी इंस्टॉलर (इलेक्ट्रिकल) तथा असिस्टेंट मैकेनिस्ट (आयरन एंड स्टील) के कोर्स संचालित होंगे।

दोनों पाठ्यक्रमों में 40-40 सीटों के बैच उपलब्ध कराए गए हैं। इन कोर्स के जरिए प्रतिभागियों को संबंधित तकनीकी क्षेत्रों में व्यावहारिक कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।

दून विश्वविद्यालय में 100 सीटों पर सप्लाई चेन की ट्रेनिंग

इसके अलावा दून विश्वविद्यालय में 12वीं पास छात्र-छात्राओं के लिए सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी उपलब्ध कराया गया है। इस कोर्स के लिए 100 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके माध्यम से युवाओं को सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े कार्यों की जानकारी और कौशल प्रदान किया जाएगा।

रोजगार की तैयारी में मिलेगी मदद

कौशल विकास मिशन की यह पहल युवाओं को कम समय में रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हॉस्पिटैलिटी, सौर ऊर्जा, तकनीकी कार्यों और सप्लाई चेन जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशिक्षण की सुविधा मिलने से युवाओं के सामने करियर के नए विकल्प खुलेंगे। निःशुल्क प्रशिक्षण और युवतियों के लिए आवास की व्यवस्था इस योजना को और उपयोगी बनाती है।

Ad