युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है करियर काउंसलिंग, गांवों में कंप्यूटर प्रशिक्षण पर जोर

खबर शेयर करें -

मसूरी : युवाओं को सही करियर चुनने के लिए समय पर मार्गदर्शन मिलना बेहद जरूरी है। इसके लिए स्कूल स्तर से ही करियर काउंसलिंग की व्यवस्था विकसित करनी होगी। भाजपा उत्तराखंड के विदेशी मामले विभाग के राज्य संयोजक वरुण राज सिंह भंडारी ने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास के साथ युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा और रोजगार से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।

मसूरी के कुलड़ी स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि दसवीं कक्षा के बाद विद्यार्थियों को अपने भविष्य की दिशा तय करने के लिए उचित परामर्श मिलना चाहिए। सही समय पर मिलने वाला मार्गदर्शन बच्चों को उनकी रुचि, योग्यता और संभावनाओं के अनुरूप विषय एवं करियर चुनने में मदद कर सकता है।

उन्होंने बारहवीं पास करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी करियर काउंसलिंग की आवश्यकता पर जोर दिया। उनके अनुसार, स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद युवाओं के सामने उच्च शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और रोजगार जैसे कई विकल्प होते हैं। ऐसे में उन्हें इन विकल्पों की जानकारी देकर सही निर्णय लेने के लिए तैयार करना जरूरी है।

भंडारी ने ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार की बात भी कही। उन्होंने कहा कि गांवों में रहने वाले युवाओं को बुनियादी कंप्यूटर शिक्षा और रोजगारपरक कौशल से जोड़ना चाहिए, ताकि वे बदलते दौर की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।

उन्होंने युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा, कौशल विकास और आधारभूत सुविधाओं को साथ लेकर चलने की आवश्यकता पर बल दिया।

Ad