उत्तराखंड विधानसभा सत्र से पहले सियासी हलचल, उमेश कुमार ने किया इस्तीफे का ऐलान

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र से पहले प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा की सदस्यता छोड़ने की घोषणा की है। उन्होंने इसके पीछे जनता से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष का अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने को वजह बताया है।

उमेश कुमार के मुताबिक, हरिद्वार में किसानों की फसलें बर्बाद होने के बावजूद उनकी समस्याओं को लेकर राजनीतिक दल एकजुट होकर आवाज नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के इस मुद्दे पर उन्हें किसी का साथ नहीं मिल रहा है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने बुधवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान किया।

भाजपा और कांग्रेस में जाने से किया इनकार

इस्तीफे की घोषणा के साथ ही उमेश कुमार ने अपनी राजनीतिक भविष्य की स्थिति भी स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि वह न तो कांग्रेस में शामिल होंगे और न ही भाजपा का दामन थामेंगे। दोनों दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह ऐसे लोगों के समर्थन में नारे नहीं लगा सकते, जो कभी उनके दरवाजे पर आकर बैठा करते थे।

किसानों का मुद्दा बना नाराजगी की वजह

उमेश कुमार ने किसानों की बर्बाद फसलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता की परेशानियों पर गंभीरता से आवाज उठानी चाहिए। उनका आरोप है कि इस मामले में उन्हें राजनीतिक समर्थन नहीं मिला। विधानसभा सत्र शुरू होने से ठीक पहले उनके इस्तीफे के ऐलान ने प्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रम को चर्चा में ला दिया है।

अब सबकी नजर बुधवार को उनके अगले कदम और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफे की औपचारिक प्रक्रिया पर रहेगी।

Ad