सोशल मीडिया पर क्या कर रहे शिक्षक? शिक्षा विभाग के निर्देशों के बाद स्कूल अलर्ट
ऋषिकेश। उत्तराखंड में शिक्षा विभाग के निर्देशों के बाद शिक्षकों और कर्मचारियों की सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर विद्यालय स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्कूल प्रबंधन अब विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को इंटरनेट मीडिया पर संयमित व्यवहार करने की हिदायत दे रहे हैं।
नई व्यवस्था के तहत कई विद्यालयों ने शिक्षक-कर्मचारियों से सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता से जुड़ी जानकारी मांगी है। इसके साथ ही संबंधित प्लेटफार्म पर इस्तेमाल की जा रही आईडी और पहचान का विवरण भी जुटाया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन का जोर इस बात पर है कि कर्मचारी सोशल मीडिया पर किसी भी संवेदनशील मुद्दे को लेकर प्रतिक्रिया देते समय सावधानी बरतें और विभागीय निर्देशों का उल्लंघन न करें।
शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रबंधन के स्तर पर इस संबंध में निगरानी की व्यवस्था भी की जा रही है। इसका उद्देश्य शिक्षकों और कर्मचारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करना है।
गौरतलब है कि माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से हाल ही में जारी पत्र में शिक्षक और कर्मचारियों को इंटरनेट मीडिया पर अनावश्यक टिप्पणियों और प्रतिक्रियाओं से बचने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद विद्यालयों में इन निर्देशों को लागू करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। अब शिक्षकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन मंचों पर अपनी गतिविधियों को लेकर अधिक सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।


