पर्यटकों के लिए आज से खुलेंगे कॉर्बेट और राजाजी नेशनल पार्क, जंगल सफारी का फिर मिलेगा रोमांच

खबर शेयर करें -

मानसून के चलते 15 जून से बंद थे दोनों पार्क, कॉर्बेट में रात्रि विश्राम और सफारी की सुविधाएं भी होंगी शुरू

नैनीताल/हरिद्वार: उत्तराखंड में वन्यजीव पर्यटन का इंतजार कर रहे सैलानियों के लिए अच्छी खबर है। मानसून सीजन के चलते बंद किए गए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और राजाजी नेशनल पार्क रविवार से पर्यटकों के लिए खोल दिए जाएंगे। करीब पांच महीने बाद दोनों राष्ट्रीय उद्यानों में एक बार फिर जंगल सफारी और प्रकृति के बीच समय बिताने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही कॉर्बेट में पर्यटकों के लिए रात्रि विश्राम की सुविधा भी बहाल हो जाएगी।

दरअसल, बरसात के मौसम में जंगलों के कच्चे रास्तों और वन क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को देखते हुए 15 जून से दोनों पार्कों में पर्यटन गतिविधियां बंद कर दी गई थीं। अब मौसम अनुकूल होने के साथ ही वन विभाग ने नए पर्यटन सत्र की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में इस बार ढिकाला और दुर्गादेवी पर्यटन जोन भी पर्यटकों के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके अलावा ढिकाला, सुल्तान, गैरल, सर्पदुली, बिजरानी, ढेला और झिरना जोन के वन विश्राम गृहों में रात्रि प्रवास की सुविधा शुरू होगी। इससे पर्यटक जंगल के प्राकृतिक वातावरण के बीच रुककर वन्यजीवों और जैव विविधता का करीब से अनुभव कर सकेंगे।

कॉर्बेट के निदेशक डॉ. साकेत बडोला के अनुसार, वन विश्राम गृहों में ठहरने के लिए 45 दिन पहले ही ऑनलाइन एडवांस बुकिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। ऐसे में पर्यटकों को निर्धारित व्यवस्था के तहत ठहरने की सुविधा मिलेगी।

दोनों राष्ट्रीय उद्यानों के खुलने से वन्यजीव पर्यटन को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले सैलानियों के साथ स्थानीय पर्यटन कारोबारियों, होटल संचालकों और गाइडों को भी नए पर्यटन सत्र से बेहतर कारोबार की आस है।

Ad