लालपानी बीट के कूड़ा घर की समस्या पर सख्त हुए प्रेमचंद अग्रवाल, स्थायी समाधान के दिए निर्देश

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: लालपानी बीट में बने कूड़ा घर से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानियों का मामला एक बार फिर सामने आया है। क्षेत्रवासियों की समस्या को लेकर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कूड़ा घर से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को जल्द प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि स्थानीय जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस मुद्दे को पहले भी अधिकारियों के सामने उठाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर उनकी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना जाए। उन्होंने कहा कि केवल तात्कालिक राहत देने के बजाय समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने जरूरी हैं।

विधायक ने संबंधित पक्षों के साथ संवाद स्थापित कर जल्द से जल्द इस मामले का निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता को लगातार परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य करना चाहिए।

Ad