उत्तराखंड में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, धामी सरकार ने 78.18 करोड़ रुपये किए मंजूर

खबर शेयर करें -

कुंभ-2027 की तैयारियों से लेकर सड़क और पेयजल सुविधाओं तक होंगे कई अहम काम, आपदा प्रभावितों को भी मिलेगी राहत

देहरादून: उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को गति देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा वित्तीय फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण, मार्गों के चौड़ीकरण, पेयजल व्यवस्था और आपदा राहत से संबंधित कार्यों के लिए कुल 78.18 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी है। स्वीकृत बजट का एक बड़ा हिस्सा हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 से जुड़ी व्यवस्थाओं और अवस्थापना विकास पर खर्च किया जाएगा।

सड़कों के सुधार पर करोड़ों रुपये खर्च होंगे

सरकार की ओर से स्वीकृत धनराशि के तहत कई विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति सुधारने की योजना बनाई गई है। अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में मरचूला-स्याल्दे-देवालघाट मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 7.57 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। वहीं, रिची-नौघर-मंडलकोट-भुजान मोटर मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण पर 6.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

पौड़ी जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पोखरों मार्ग को मजबूत बनाने के लिए 7.29 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। चौबट्टाखाल क्षेत्र के फरसाड़ी-गढ़कोट-छांछरों मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 36.12 लाख रुपये और बागेश्वर जिले के कपकोट में रिखाड़ी-बाछम मार्ग के सुधारीकरण के लिए 9.86 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

हरिद्वार में पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर

कुंभ मेला-2027 को देखते हुए हरिद्वार में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। बहादराबाद, ज्वालापुर और कनखल सेक्टरों में पेयजल आपूर्ति के लिए 3.68 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस बजट से अस्थायी पाइपलाइन बिछाने, स्टैंड पोस्ट लगाने, पीवीसी टैंक स्थापित करने, जल संयोजन और वाटर फिल्टर जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

कुंभ से पहले बदलेगी हरिद्वार की तस्वीर

कुंभ मेले के दौरान शहर की सुविधाओं और सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाने के लिए भी कई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। हरिद्वार में वाटर स्क्रीन पर मल्टीमीडिया शो और म्यूजिकल फाउंटेन की स्थापना के लिए 4.43 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा भीमगोड़ा के सौंदर्याकरण पर 3.43 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

वहीं, शिवमूर्ति चौक से आर्यनगर चौक तक सड़क डिवाइडर के पुनर्विकास के लिए 7.35 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों का उद्देश्य कुंभ मेले से पहले शहर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

आपदा प्रभावितों के लिए 18 करोड़ रुपये का प्रावधान

विकास योजनाओं के साथ प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता देने पर भी सरकार ने ध्यान दिया है। ऊधमसिंह नगर जिले में आपदा प्रभावित परिवारों को राहत और अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने के लिए 18 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

सरकार की इस वित्तीय स्वीकृति से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सड़क, पेयजल और राहत कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Ad