देहरादून में डेंगू का बढ़ता खतरा, चार नए मरीज मिले; चिकनगुनिया के मामले भी बढ़े
जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार नए मरीज सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ रही है। शुक्रवार को जिले में चार लोगों की जांच रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई। इनमें तीन मरीज देहरादून के रहने वाले हैं, जबकि एक मरीज दूसरे जिले का निवासी बताया गया है।
नए संक्रमितों के सामने आने के बाद जिले में डेंगू मरीजों का कुल आंकड़ा बढ़कर 429 हो गया है। वहीं, चिकनगुनिया भी लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। शुक्रवार को इस बीमारी के दो नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही जिले में चिकनगुनिया से संक्रमित लोगों की संख्या 282 तक पहुंच गई है।
लगातार बढ़ते संक्रमण के बीच डेंगू और चिकनगुनिया दोनों ही स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बने हुए हैं। ऐसे में लोगों को मच्छरों से बचाव के लिए सतर्क रहने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की जरूरत है।


