बदरीनाथ धाम में शीतकालीन विदाई की तैयारी तेज, दो मंदिरों के कपाट हुए बंद
चमोली। बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत धार्मिक परंपराओं का निर्वहन जारी है। इसी क्रम में पंच पूजा के दूसरे दिन शुक्रवार को भगवान आदि केदारेश्वर और आदि शंकराचार्य मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए। अब शनिवार को खडग पुस्तक और वेद ऋचाओं का पाठ संपन्न होगा। इसके बाद 16 नवंबर को रात 9:37 बजे बदरीनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद करने की प्रक्रिया से पहले बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने भगवान आदि केदारेश्वर और आदि शंकराचार्य की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान दोनों देवालयों में भगवान को पके हुए चावलों का भोग अर्पित किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंवर सेमवाल, डॉ. रवींद्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी, डॉ. अमित बंदोलिया सहित मंदिर के अन्य पुजारियों ने सहभागिता की।
पूजा और आरती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर 2:15 बजे आदि केदारेश्वर मंदिर के द्वार बंद किए गए। इसके 15 मिनट बाद यानी 2:30 बजे आदि शंकराचार्य मंदिर के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
इस धार्मिक आयोजन के दौरान दंडी स्वामी मुकुंदानंद, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण, सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ समेत मंदिर समिति के अधिकारी, कर्मचारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने से पहले निभाई जाने वाली पंच पूजा के शेष अनुष्ठान भी परंपरागत तरीके से संपन्न किए जा रहे हैं। 16 नवंबर की रात मुख्य मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का एक महत्वपूर्ण अध्याय भी पूरा हो जाएगा।


