UTET Result 2026: उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा में 26,283 अभ्यर्थी सफल, प्रथम स्तर का परिणाम रहा बेहतर

खबर शेयर करें -

रामनगर: उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (UTET) का परिणाम जारी कर दिया गया है। इस बार परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों में से आधे से भी कम उम्मीदवार सफलता हासिल कर पाए हैं। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से जारी नतीजों के अनुसार, कुल 57,671 अभ्यर्थियों में से 26,283 अभ्यर्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। परीक्षा में यूटीईटी प्रथम का पास प्रतिशत 60.72 रहा, जबकि यूटीईटी द्वितीय में 36.91 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल हुए।

शुक्रवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर के सचिव विनोद ढौंढियाल ने दोनों स्तरों का परिणाम घोषित किया। इस वर्ष यूटीईटी प्रथम और द्वितीय की परीक्षा 27 सितंबर को प्रदेश के 29 शहरों में आयोजित की गई थी। परीक्षा में बड़ी संख्या में सरकारी शिक्षकों ने भी प्रतिभाग किया था। प्रदेश में शिक्षकों के लिए यूटीईटी की अनिवार्यता के चलते इस परीक्षा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

परिषद की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, यूटीईटी प्रथम में कुल 20,975 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 12,737 उम्मीदवार सफल रहे। वहीं, यूटीईटी द्वितीय में 36,696 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें 13,546 ने निर्धारित मानक पूरे करते हुए परीक्षा उत्तीर्ण की।

पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार दोनों स्तरों के परिणाम में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2025 में यूटीईटी प्रथम का उत्तीर्ण प्रतिशत 38.20 और द्वितीय का महज 19.96 प्रतिशत रहा था। इसके मुकाबले इस वर्ष प्रथम स्तर का परिणाम 60.72 प्रतिशत और द्वितीय का 36.91 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

वेबसाइट पर देख सकते हैं परिणाम

परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना परिणाम उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.uktet.com और www.ubse.uk.gov.in पर देख सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर उपलब्ध डिपार्टमेंटल एग्जाम सेक्शन में जाकर पंजीकरण संख्या और पासवर्ड अथवा अनुक्रमांक व जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। इसके बाद अभ्यर्थी अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं।

Ad