छह दशक से कायम है जौलीग्रांट की रामलीला की परंपरा, 61वें आयोजन का आगाज

खबर शेयर करें -

जौलीग्रांट: भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनकी लीलाओं को जन-जन तक पहुंचाने वाली जौलीग्रांट की ऐतिहासिक रामलीला एक बार फिर दर्शकों को आकर्षित करने के लिए तैयार है। क्षेत्र में रामलीला मंचन की 61 वर्ष पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष 13 से 23 नवंबर तक 61वीं रामलीला का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

जौलीग्रांट में रामलीला का मंचन लंबे समय से धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बना हुआ है। छह दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद क्षेत्रवासियों का इस आयोजन के प्रति उत्साह लगातार बना हुआ है। खास बात यह है कि स्थानीय लोगों ने इस परंपरा को केवल एक वार्षिक धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है।

रामलीला के सफल आयोजन के लिए समिति के पदाधिकारी और सदस्य लगातार व्यवस्थाओं में जुटे हैं। मंच की सजावट, कलाकारों की तैयारियों और अन्य जरूरी इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

रामलीला समिति के संरक्षक मनोज नौटियाल ने बताया कि 13 नवंबर से शुरू होने वाला मंचन 23 नवंबर तक प्रतिदिन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जौलीग्रांट की इस परंपरा को आगे बढ़ाना समिति की प्राथमिकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा से प्रेरणा ले सकें।

उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला स्थल पर पहुंचकर आयोजन का हिस्सा बनने और कलाकारों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

Ad