पौड़ी में भालू का जानलेवा हमला, चारा लेने गई 52 वर्षीय महिला की मौत

खबर शेयर करें -

दुगड्डा ब्लॉक के चरेख गांव में हुई घटना, ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही के लगाए आरोप

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में वन्यजीवों का बढ़ता खतरा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। पौड़ी जिले के दुगड्डा ब्लॉक के चरेख गांव में भालू के हमले में 52 वर्षीय महिला की जान चली गई। महिला गांव के नजदीक खेत में चारा-पत्ती लेने गई थीं, तभी झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे चरेख निवासी अंजना देवी अन्य महिलाओं के साथ घर से लगभग 500 मीटर दूर खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने उन पर हमला कर दिया। अंजना देवी की चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रही महिलाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और शोर मचाकर भालू को भगाने का प्रयास किया। लोगों की आवाज सुनकर भालू जंगल की ओर भाग गया।

हमले में गंभीर रूप से घायल अंजना देवी को 108 एंबुलेंस की मदद से कोटद्वार स्थित राजकीय बेस चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों ने उठाए वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में भालू की सक्रियता को लेकर पहले ही विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाते तो इस तरह की दुखद घटना को टाला जा सकता था।

गांव में गश्त बढ़ाई, परिवार को दी आर्थिक सहायता

घटना के बाद वन विभाग ने गांव में निगरानी और गश्त के लिए टीम तैनात की है। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के तौर पर सहायता राशि का चेक भी सौंपा गया है।

प्रदेश में वन्यजीवों के हमलों से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी चिंता बढ़ा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, अब तक वन्यजीवों के हमलों में 59 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें पांच लोगों की मौत भालू के हमलों में हुई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पहाड़ी क्षेत्रों में ग्रामीणों की सुरक्षा और वन विभाग की तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Ad