बाल दिवस पर 275 बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, DAWN अभियान के तहत आयोजित हुआ शिविर

खबर शेयर करें -

देहरादून, 14 नवंबर। बाल दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से नालसा के DAWN अभियान के अंतर्गत मौलाना अबुल कलाम आजाद पब्लिक स्कूल, बड़ा भारूवाला, क्लेमेंट टाउन में नशे के विरुद्ध जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 275 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर नशे से दूर रहने और सुरक्षित भविष्य बनाने का संदेश दिया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस अभियान का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के अध्यक्ष एवं जिला जज हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। अभियान के तहत 14 से 27 नवंबर तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे बचाव और नशे से दूर रहने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, पॉक्सो अधिनियम (POCSO), सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई।

उन्होंने बच्चों को बताया कि किसी भी परेशानी या संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

इस अवसर पर प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल ने बच्चों को नशे के दुरुपयोग से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

शिविर के दौरान नशे के विरुद्ध चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने विद्यालय के प्रधानाचार्य शहजाद अली को मेडिकल किट भेंट की।

कार्यक्रम स्थल पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई, जहां विद्यार्थियों ने अपनी समस्याएं साझा कीं और प्राविधिक कार्यकर्ताओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के समापन पर नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली गई। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। विद्यार्थियों ने रैली के माध्यम से आसपास के क्षेत्र के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने इस महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल, साजिदा एवं अंजना रंसवाल ने सहयोग किया।

Ad