हर्षिल में आपदा प्रबंधन को मिलेगी मजबूती, अस्थायी आपातकालीन कंट्रोल रूम की स्थापना तेज

खबर शेयर करें -

हर्षिल क्षेत्र में आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत हर्षिल में अस्थायी आपातकालीन परिचालन केंद्र स्थापित किया जाएगा। केंद्र की स्थापना से जुड़ी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को हर्षिल और झाला का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हर्षिल के उद्यान ग्राउंड में सीएमबीएडीपी योजना के अंतर्गत भवन के प्रथम तल पर प्रस्तावित अस्थायी आपातकालीन परिचालन केंद्र के लिए चिह्नित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से केंद्र की स्थापना के लिए अब तक की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कागजी कार्रवाई में तेजी लाने को कहा।

प्रस्तावित कंट्रोल रूम को आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव अभियानों के बेहतर संचालन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके माध्यम से आपात परिस्थितियों में समन्वय स्थापित करने और बचाव कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी।

वहीं, जिलाधिकारी ने झाला में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन को जल्द हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि इसका उपयोग शुरू किया जा सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने पर जोर दिया।

प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य हर्षिल क्षेत्र में आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना और राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।

Ad