उत्तराखंड में मौसम का दोहरा असर, मैदानों में कोहरा तो पहाड़ों पर बर्फबारी की उम्मीद

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। मैदानी इलाकों में घने कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं पहाड़ी जिलों में हल्की बर्फबारी ने अच्छी बर्फबारी की उम्मीद जगा दी है। कड़ाके की ठंड के बीच लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। खासकर चमोली जिले में हुई हल्की बर्फबारी से किसानों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

वहीं देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। ठंड और कोहरे के इस दौर में उत्तराखंड में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं।

Ad