लोकभवन की कार्यप्रणाली को जनहित से जोड़ने पर जोर, अधिकारियों को राज्यपाल के निर्देश

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल डा. ढाल सिंह बिसेन ने लोकभवन की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और आम लोगों के लिए सुलभ बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि लोकभवन की गरिमा और संवैधानिक प्रतिष्ठा को बनाए रखते हुए यहां होने वाले कार्यों में जनभावनाओं और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

मंगलवार को लोकभवन सचिवालय में अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने प्रशासनिक कामकाज का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के साथ ही उनके विभागीय दायित्वों और कार्यों की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकभवन केवल एक संवैधानिक संस्थान ही नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र भी है।

राज्यपाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनहित से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए उनका निस्तारण तत्परता से किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकभवन पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए और उसे अपनी समस्या या बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कार्यप्रणाली में ऐसे बदलावों की आवश्यकता पर बल दिया, जिनसे आम नागरिकों को संस्थान तक पहुंचने में आसानी हो और उन्हें पारदर्शी व्यवस्था का लाभ मिल सके। राज्यपाल के अनुसार, लोकभवन की प्रतिष्ठा बनाए रखने के साथ-साथ जनता के विश्वास को मजबूत करना भी अधिकारियों और कर्मचारियों की साझा जिम्मेदारी है।

बैठक के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और जनहित के कार्यों में जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया गया।

Ad