चारधाम यात्रा के लिए आज खुलेगी हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग, शाम 3 बजे से IRCTC पर मिलेगा मौका

खबर शेयर करें -

देहरादून। चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर से सफर करने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर है। 16 अक्टूबर से 9 नवंबर के बीच की यात्रा के लिए शुक्रवार को हेलीकॉप्टर टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू होगी। इसके लिए आईआरसीटीसी की अधिकृत वेबसाइट पर शाम तीन बजे से बुकिंग विंडो खुलेगी।

उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूकाडा) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने बुकिंग शुरू होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट “www.heliyatra.irctc.co.in” के माध्यम से ही बुक किए जा सकेंगे। टिकटों की बुकिंग के लिए यात्रियों को ऑनलाइन प्रक्रिया अपनानी होगी।

केवल आधिकारिक वेबसाइट से करें टिकट बुक

हेलीकॉप्टर से चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को टिकट बुक करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने यात्रियों से अनधिकृत ट्रैवल एजेंटों, फर्जी वेबसाइटों और संदिग्ध लिंक के जरिए बुकिंग नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए केवल आईआरसीटीसी की अधिकृत वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।

बुकिंग से पहले रखें इन बातों का ध्यान

– हेलीकॉप्टर टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुक्रवार शाम तीन बजे से शुरू होगी।

– बुकिंग 16 अक्टूबर से 9 नवंबर के बीच की यात्रा के लिए की जा सकेगी।

– टिकट बुक करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.heliyatra.irctc.co.in पर जाएं।

– किसी अनजान व्यक्ति, एजेंट या फर्जी वेबसाइट को टिकट के नाम पर पैसे न दें।

श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि टिकट बुक करने से पहले वेबसाइट की प्रामाणिकता की जांच कर लें, ताकि चारधाम यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी या आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

Ad