नैनीताल घूमने का प्लान है तो ध्यान दें, दोपहिया वाहनों को लेकर प्रशासन बना रहा नई रणनीति
नैनीताल। नैनीताल और कैंची धाम में बढ़ती पर्यटकों की भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन दोपहिया वाहनों की आवाजाही सीमित करने की तैयारी में है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत वीकेंड और पर्यटन सीजन के दौरान बाहरी दोपहिया वाहनों को काठगोदाम से आगे जाने से रोका जा सकता है। इस व्यवस्था का असर रेंटल बाइक और स्कूटी से घूमने आने वाले पर्यटकों पर भी पड़ सकता है।
पुलिस के आकलन के मुताबिक, नैनीताल और कैंची धाम मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक के पीछे किराये पर मिलने वाली बाइक और स्कूटी भी एक बड़ी वजह हैं। इन वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग उपलब्ध नहीं होने से पर्यटक सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। इससे पहले से व्यस्त सड़कों पर जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है।
बीते 2 से 4 अक्तूबर के लंबे वीकेंड के दौरान भी कैंची धाम जाने वाले मार्ग पर कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा था। ऐसे में भीड़भाड़ वाले दिनों में दोपहिया वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर ट्रैफिक का दबाव कम करने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, प्रस्तावित प्रतिबंध को लेकर अंतिम व्यवस्था लागू होने की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
रेंटल बाइक और स्कूटी से जाने वालों के लिए भी नियम सख्त
नैनीताल की ओर किराये की बाइक या स्कूटी से जाने वाले पर्यटकों के लिए भी पुलिस ने नियमों का पालन अनिवार्य किया है। नई व्यवस्था के तहत टैक्सी बाइक या स्कूटी को वाहन मालिक अथवा उसकी ओर से नियुक्त चालक के साथ ही ले जाने की शर्त रखी गई है। यानी पर्यटक किराये पर लिया गया दोपहिया वाहन खुद चलाकर नैनीताल की ओर नहीं ले जा सकेंगे।
नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने गुरुवार को जिलेभर में अभियान चलाया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर की गई कार्रवाई में 258 चालान किए गए और 78 वाहनों को सीज किया गया। सीज वाहनों में 72 बाइक शामिल हैं। इसके अलावा पांच ड्राइविंग लाइसेंस और परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की गई, जबकि 47 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के अनुसार, यातायात हल्द्वानी और भीमताल-भवाली-कैंची धाम क्षेत्र में नौ-नौ वाहन सीज किए गए। वहीं, सीपीयू हल्द्वानी ने 24 वाहनों को सीज किया।
भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर भी चला चेकिंग अभियान
इधर, भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। गुरुवार को गरमपानी क्षेत्र में चोपड़ा के पास क्वारब चौकी पुलिस ने वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों से चार हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही दो स्कूटी और एक टैक्सी बाइक को सीज किया गया।
चौकी प्रभारी अरुण राणा ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों का पालन कराने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पर्यटकों को क्या ध्यान रखना चाहिए?
नैनीताल और कैंची धाम जाने की योजना बना रहे पर्यटक यात्रा से पहले दोपहिया वाहनों से संबंधित मौजूदा नियमों की जानकारी जरूर लें। खासकर रेंटल बाइक या स्कूटी से यात्रा करने वालों को वाहन लेकर आगे जाने की अनुमति और पार्किंग की उपलब्धता के संबंध में पहले जानकारी कर लेनी चाहिए। प्रस्तावित प्रतिबंध लागू होने पर वीकेंड और पर्यटन सीजन में यात्रा की योजना पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।


