फुटपाथों पर अवैध दुकानों से बढ़ा हादसों का खतरा, नगर निगम से कार्रवाई की मांग

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: शहर के आवास विकास क्षेत्र में फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण और अवैध दुकानों को लेकर युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई है। दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए तत्काल अभियान चलाने की मांग की।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि फुटपाथ पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं, लेकिन आवास विकास क्षेत्र में इन पर लंबे समय से कब्जा किया जा रहा है। दुकानों और अन्य अस्थायी अतिक्रमण के चलते राहगीरों को फुटपाथ का उपयोग नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में लोगों को मजबूरन सड़क पर वाहनों के बीच चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप और छात्रसंघ महासचिव रेहान मंदोलिया ने कहा कि फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों, बुजुर्गों और अन्य पैदल यात्रियों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम से मांग की कि आवास विकास क्षेत्र का निरीक्षण कर अतिक्रमण और अवैध दुकानों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।

संगठन के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराना जरूरी है, ताकि पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने निगम प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर फुटपाथों को खाली कराने की मांग की है।

Ad