उत्तराखंड वन विभाग में स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर होगी भर्ती, आयोग को भेजा गया नया प्रस्ताव
देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए वन विभाग से अच्छी खबर है। प्रदेश में स्पेशल टाइगर गार्ड के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। वन विभाग ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को 75 पदों पर सीधी भर्ती के लिए नया अधियाचन भेज दिया है। इससे भर्ती प्रक्रिया को नए सिरे से आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
दरअसल, शासन की ओर से 9 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों के बाद विभाग ने पूर्व में भेजे गए अधियाचन और उसके संशोधित प्रस्ताव वापस ले लिए हैं। इसके स्थान पर भर्ती से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ नया प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है। मुख्य वन संरक्षक, मानव संसाधन विकास एवं कार्मिक प्रबंधन की ओर से आयोग के सचिव को भेजे गए पत्र में इसकी जानकारी दी गई है।
पहले 81 पदों पर भेजा गया था प्रस्ताव
वन विभाग ने इससे पहले स्पेशल टाइगर गार्ड के 81 पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन भेजा था। हालांकि, प्रस्ताव को लेकर आयोग की ओर से कुछ आपत्तियां उठाई गई थीं। इनके निराकरण के बाद विभाग ने संशोधित व्यवस्था के तहत नया भर्ती प्रस्ताव तैयार किया है। इसके साथ रोस्टर प्रपत्र और संबंधित सेवा नियमावली की प्रतियां भी आयोग को उपलब्ध करा दी गई हैं।
किस वर्ग के लिए कितने पद आरक्षित?
नए अधियाचन में कुल 75 पदों का वर्गवार विवरण भी निर्धारित किया गया है। इसमें अनारक्षित वर्ग के लिए सबसे अधिक 40 पद रखे गए हैं। वहीं अनुसूचित जाति के लिए 14, अनुसूचित जनजाति के लिए तीन, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 10 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आठ पद प्रस्तावित हैं।
अग्निवीरों के लिए भी छह पद आरक्षित
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, स्पेशल टाइगर गार्ड के कुल 81 स्वीकृत पदों में से 61 पदों पर कार्मिक पहले से कार्यरत हैं। शेष पदों की भर्ती व्यवस्था में अग्निवीरों के लिए आरक्षण का भी प्रावधान किया गया है। इसके तहत छह पद अग्निवीरों के लिए आरक्षित रखे गए हैं। 10 प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान को ध्यान में रखते हुए भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
फिलहाल नया अधियाचन मिलने के बाद गेंद अब उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के पाले में है। आयोग दस्तावेजों और भर्ती प्रस्ताव की जांच के बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया शुरू करेगा। ऐसे में भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की नजर अब आयोग की अगली कार्रवाई और विज्ञप्ति जारी होने पर रहेगी।


