चौदह बीघा रामलीला मैदान में रामलीला का मंचन, स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर

खबर शेयर करें -

अनिल बडोनी बोले—उत्तराखंड की संस्कृति, जागर और महाकाल की भव्य झांकी रहेगी आकर्षण का केंद्र

मुनि की रेती। चौदह बीघा स्थित रामलीला मैदान में मां गंगा रामलीला समिति की ओर से 11 अक्टूबर से रामलीला का मंचन शुरू किया जाएगा। समिति इस बार स्थानीय उत्तराखंड के कलाकारों को प्राथमिकता देते हुए उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करेगी। रामलीला का समापन 20 अक्टूबर को भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ होगा।

रामलीला आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष संदीप परमार ने पत्रकारों का स्वागत करते हुए आयोजन की जानकारी दी और मीडिया से सहयोग की अपील की। समिति के महासचिव अनिल बडोनी ने कहा कि पिछले चार वर्षों के रामलीला मंचन और स्थानीय जनता से मिले सुझावों के आधार पर इस बार स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया है।

इसका उद्देश्य क्षेत्रीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ रामलीला की आदर्श परंपराओं और मर्यादा को बनाए रखना है।

उत्तराखंड की संस्कृति और महाकाल की झांकी होगी आकर्षण

अनिल बडोनी ने बताया कि इस वर्ष रामलीला में महाकाल की भव्य झांकी, उत्तराखंड की प्राचीन संस्कृति, जागर और नगर की मातृशक्ति के माध्यम से विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। दर्शकों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा, साथ ही धार्मिक आयोजन की मर्यादा बनाए रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि बालाजी धाम सालासर से हनुमान ध्वज प्राप्त कर उसका विधिवत आरोहण किया गया है। समिति ने रामलीला के सफल आयोजन के लिए हनुमान जी से कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की है। विगत वर्षों की भांति इस बार भी सामाजिक, राजनीतिक और कर्तव्य के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।

नशे के खिलाफ भी जागरूक होंगे लोग

समिति के उपाध्यक्ष प्रदीप सकलानी ने बताया कि इस बार स्थानीय जागरण समिति से जुड़े हरेंद्र सैनी के सहयोग से मंच निर्माण की समस्या दूर हुई है। उनके सहयोग से रंगमंच को भव्य स्वरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि जनता से मिलने वाले सुझाव समिति के लिए संजीवनी का काम करते हैं और इसी के आधार पर स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है।

सकलानी ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए बताया कि रामलीला के दौरान एक दिन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों और उसकी रोकथाम के उपायों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर के चिकित्सकों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, नौकरीपेशा लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, राजनेताओं और अन्य नागरिकों का सहयोग समिति को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। रामलीला मंचन से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल करेंगे शुभारंभ

महासचिव अनिल बडोनी ने बताया कि 11 अक्टूबर को रामलीला का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण द्वारा किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से सपरिवार रामलीला में पहुंचकर आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।

प्रेस वार्ता में समिति के मुख्य सलाहकार देवेंद्र दत्त जोशी, कोषाध्यक्ष जितेंद्र उनियाल, एडवोकेट विकास उपाध्याय, गंगा रावत, वार्ड नंबर सात के सभासद गजेंद्र सिंह सजवाण, मनोज मलासी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Ad