रायपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर, सीएम धामी ने किया प्रतिभाग

खबर शेयर करें -

देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार, 10 अक्टूबर को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के नालापानी स्थित महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल तथा रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने प्रतिभाग किया। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान पर जोर दिया गया।

स्वास्थ्य शिविर में 44 प्रकार की जांच की सुविधा

शिविर में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। स्वास्थ्य शिविर में 44 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य संबंधी जांच कराने का अवसर मिला। इस पहल के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।

लाभार्थियों को वितरित की गईं किट

शिविर में कृषि विभाग की ओर से लाभार्थियों को कृषि यंत्र और मशरूम मिनीकिट वितरित की गईं। बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट और किशोरी किट प्रदान कीं। वहीं, श्रम विभाग की ओर से 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को पोषण, स्वच्छता एवं शिक्षा किट उपलब्ध कराई गईं।

जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान पर जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिला प्रशासन ने आमजन से बहुउद्देशीय शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की। शिविर में कृषि, श्रम, बाल विकास और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई, ताकि पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad