ऋषिकेश में गंगा की लहरों पर लौटने लगा रोमांच, रोज दो हजार पर्यटक कर रहे राफ्टिंग

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। योग और आध्यात्म की नगरी ऋषिकेश में अब गंगा की लहरों पर रोमांच का सफर भी रफ्तार पकड़ने लगा है। मानसून के बाद शुरू हुए राफ्टिंग सीजन के साथ ही पर्यटकों की आमद बढ़ने लगी है। गंगा की तेज जलधारा के बीच राफ्टिंग का अनुभव लेने के लिए हर दिन औसतन दो हजार पर्यटक ऋषिकेश पहुंच रहे हैं। इससे साहसिक पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के चेहरे भी खिलने लगे हैं।

गंगा में राफ्टिंग का सीजन सामान्यतः सितंबर से जून तक चलता है। मानसून के दौरान जुलाई और अगस्त में सुरक्षा कारणों से राफ्टिंग गतिविधियों पर रोक लगा दी जाती है। इसके बाद गंगा के जलस्तर और परिस्थितियों का आकलन करने के उपरांत गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की ओर से गतिविधियों को शुरू करने की अनुमति दी जाती है।

24 सितंबर से गंगा में उतरने लगीं रंग-बिरंगी राफ्टें

इस सीजन में 24 सितंबर से गंगा में राफ्टिंग का संचालन शुरू हो गया है। इसके बाद से ही पर्यटकों में इस रोमांचक गतिविधि को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंच रहे पर्यटकों के साथ विदेशी सैलानी भी गंगा की लहरों के बीच रोमांच का अनुभव कर रहे हैं। ऋषिकेश की प्राकृतिक सुंदरता और गंगा में राफ्टिंग का अनूठा अनुभव विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहा है।

शिवपुरी से खारास्रोत का रूट बना पसंदीदा विकल्प

राफ्टिंग के लिए शिवपुरी से खारास्रोत तक का करीब 18 किलोमीटर लंबा रूट पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है। इस मार्ग पर गंगा की लहरों के बीच रोमांच के साथ आसपास के प्राकृतिक नजारे भी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। वर्तमान में क्षेत्र में 263 कंपनियों की करीब 560 राफ्ट संचालित हो रही हैं, जो ऋषिकेश में साहसिक पर्यटन के व्यापक दायरे को दर्शाती हैं।

पिछले सीजन में 3.80 लाख से अधिक पर्यटकों ने लिया रोमांच का आनंद

ऋषिकेश में गंगा राफ्टिंग की लोकप्रियता का अंदाजा पिछले सीजन के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। पिछले सीजन में तीन लाख 80 हजार से अधिक पर्यटकों ने गंगा में राफ्टिंग की थी। इस बार भी सीजन की शुरुआत के साथ पर्यटकों की आवाजाही जारी है। आने वाले महीनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद के बीच राफ्टिंग कारोबारियों को अच्छे व्यवसाय की आस है।

गंगा की लहरों पर रोमांच, पहाड़ों की खूबसूरती और प्राकृतिक वातावरण ऋषिकेश को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्रों में शामिल करते हैं। राफ्टिंग सीजन शुरू होने के साथ ही एक बार फिर यहां पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने लगी है।

Ad