आधुनिक परिवहन व्यवस्था की ओर बढ़ी पहाड़ों की रानी मसूरी
मसूरी : पहाड़ों की रानी मसूरी अब आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की ओर तेजी से कदम बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप पिछले वर्ष जिलाधिकारी (डीएम) द्वारा तैयार की गई विस्तृत कार्ययोजना अब धरातल पर उतरती नजर आ रही है। जिला प्रशासन के सतत प्रयासों से मसूरी को जल्द ही 40 नए गोल्फकार्ट की सौगात मिलने जा रही है।
सबसे खास बात यह है कि इस पूरी योजना में राजकोष पर कोई अतिरिक्त भार नहीं डाला गया है। दर्जनों बैठकों और विस्तृत प्रस्तुतियों के बाद डीएम ने भारत सरकार की आरईसी (REC) से सीएसआर फंड के तहत 3.36 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त की। कुल मिलाकर करीब 3.5 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिली है, जिससे मसूरी की परिवहन व्यवस्था को नया आयाम मिलेगा।
मसूरी में गोल्फकार्ट सेवा की शुरुआत वर्ष 2024 में मात्र 4 वाहनों से हुई थी। धीरे-धीरे यह संख्या बढ़कर 14 तक पहुंची और अब 40 नए गोल्फकार्ट बेड़े में शामिल होने के बाद कुल संख्या 54 हो जाएगी। यह कदम न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगा, बल्कि पर्यटन को भी नई गति देगा। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पारंपरिक रिक्शा प्रणाली धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगी। हालांकि जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रिक्शा चालकों के हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी। इसके लिए “2 चालक पर 1 गोल्फकार्ट” मॉडल लागू किया जाएगा, जिससे वर्तमान चालकों को रोजगार से वंचित न होना पड़े। यह मॉडल सामाजिक और आर्थिक संतुलन का उदाहरण बनेगा।
मसूरी जैसे संवेदनशील और पर्यटन आधारित शहर में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी प्राथमिकता है। गोल्फकार्ट बैटरी संचालित होने के कारण प्रदूषण मुक्त परिवहन का विकल्प प्रदान करते हैं। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और संकरी सड़कों पर सुरक्षित व नियंत्रित यातायात सुनिश्चित होगा।जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल मसूरी को एक मॉडल हिल स्टेशन के रूप में स्थापित करेगी, जहां आधुनिक सुविधा, रोजगार सृजन और पर्यावरण संतुलन तीनों का समन्वय देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली ने यह साबित कर दिया है कि यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो बिना सरकारी खजाने पर बोझ डाले भी बड़े बदलाव संभव हैं। मसूरी में गोल्फकार्ट सेवा का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में जब 40 नए गोल्फकार्ट सड़कों पर उतरेंगे, तो मसूरी की पहचान सिर्फ प्राकृतिक सौंदर्य तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण हितैषी परिवहन व्यवस्था के लिए भी जानी जाएगी।
