केदारताल में कुदरत का कहर! हिमस्खलन के बाद आठ लोग फंसे, सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज

खबर शेयर करें -

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन ने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। भोजखड़क से आगे ग्लेशियर क्षेत्र में हिमस्खलन के कारण सात ट्रेकर्स समेत कुल आठ लोग फंस गए हैं। वहीं, राहत की बात यह है कि कच्ची ढांग के समीप तीन पोर्टर और एक कुक सहित चार अन्य सदस्य सुरक्षित मिल गए हैं। फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए शनिवार को विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।

दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और लगातार खराब मौसम के चलते बचाव कार्य में कई चुनौतियां सामने आ रही हैं। NDRF, SDRF, वन विभाग और संबंधित ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें मौके पर पहुंचकर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बचाव अभियान में हेलीकॉप्टर की मदद लेने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ सहित 13 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल की यात्रा पर निकला था। दल को 29 अक्टूबर तक वापस लौटना था, लेकिन रास्ते में मौसम ने करवट बदल ली। क्षेत्र में बर्फबारी और ग्लेशियर संबंधी परिस्थितियां बिगड़ने से ट्रेकिंग रूट बाधित हो गया और दल की वापसी मुश्किल हो गई।

निर्धारित समय तक दल के वापस नहीं पहुंचने पर उसकी स्थिति जानने के लिए संपर्क साधने की कोशिश की गई। इसके बाद 30 अक्टूबर को ट्रेकिंग एजेंसी के माध्यम से फोन पर दल से संपर्क स्थापित हुआ। इस दौरान सदस्यों ने कच्ची ढांग के पास सुरक्षित होने की जानकारी दी और मदद मांगी।

इसके बाद मिली सूचनाओं में सामने आया कि दल के कुछ सदस्य सुरक्षित स्थान पर हैं, जबकि भोजखड़क से आगे हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र में आठ लोग फंसे हुए हैं। अब सभी की सुरक्षित वापसी के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है।

Ad