राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्तराखंड में होंगे विशेष आयोजन, सरकारी कार्यालयों में दिलाई जाएगी एकता की शपथ

खबर शेयर करें -

देहरादून। देश की एकता और अखंडता का संदेश देने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को उत्तराखंड में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शासन ने सभी सरकारी विभागों और जिला प्रशासन को आयोजन की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सभी प्रमुख सचिवों, विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को जारी निर्देशों में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है। इसके तहत प्रदेश के सभी राजकीय कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई जाएगी।

कार्यक्रमों की कड़ी में मार्च पास्ट और ‘रन फॉर यूनिटी’ का भी आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं को देश की एकता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।

वहीं, राज्यपाल डा. ढाल सिंह बिसेन ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के संकल्प को फिर से मजबूत करने का दिन भी है। सरदार पटेल के आदर्श आज भी प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं।

Ad