विवादों के बीच सोमेश्वर पहुंचीं रेखा आर्या, शक्ति प्रदर्शन से दिया सियासी संदेश
सोमेश्वर। पति के साथ विवाद और 210 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राजनीतिक चर्चाओं के बीच कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। शुक्रवार को आयोजित रैली में उमड़ी कार्यकर्ताओं और महिलाओं की भीड़ के बीच उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को बेटी के सम्मान और न्याय की लड़ाई से जोड़ते हुए अपनी राजनीतिक दावेदारी के संकेत भी दे दिए।
रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने सोमेश्वर को अपना मायका बताया। उन्होंने कहा कि जब किसी बेटी के साथ अन्याय होता है और वह अपने मायके लौटती है, तब परिवार किस मजबूती से उसके साथ खड़ा होता है, यह बात 2027 के चुनाव में देखने को मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता से मिले स्नेह और समर्थन का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के लोगों ने हमेशा उन्हें बेटी की तरह अपनाया है। विषम परिस्थितियों में भी जनता का साथ उन्हें मजबूती देता रहा है और वह इस विश्वास को कभी नहीं भूलेंगी।
मंत्री ने क्षेत्र के विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करते रहने का भरोसा भी दिलाया। वहीं, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले विपक्ष को अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। कांग्रेस को बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उसने सोमेश्वर और प्रदेश के विकास के लिए क्या काम किए और उसके कार्यकाल में कितने घोटाले हुए।
पांच रुपये और एक सूट वाली टिप्पणी से आहत होने की कही बात
जनसभा के दौरान रेखा आर्या अपने राजनीतिक सफर और निजी पीड़ा का जिक्र करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण मंत्री होने के नाते उन्होंने कई परिस्थितियों में चुप रहना उचित समझा, लेकिन सहनशीलता की भी एक सीमा होती है। उनके मुताबिक, पांच रुपये और एक सूट को लेकर की गई टिप्पणी ने उन्हें भीतर तक आहत किया। उन्होंने इस टिप्पणी को अपने सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया और कहा कि इस पीड़ा को शब्दों में बयां करना आसान नहीं है।
अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य के रूप में उन्होंने राजनीति की शुरुआत की थी। इसके बाद 2014, 2017 और 2022 में जनता ने उन्हें अलग-अलग अवसरों पर विधायक और मंत्री के रूप में सेवा करने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि जनता के इसी विश्वास और समर्थन ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी है।
रैली में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और महिलाओं की मौजूदगी को रेखा आर्या के लिए राजनीतिक समर्थन के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। अपने संबोधन में उन्होंने साफ संकेत दिया कि सोमेश्वर से उनका रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक भी है और आने वाले चुनाव में वह इसी रिश्ते को अपनी ताकत बनाना चाहती हैं।


