नौकरी और उच्च शिक्षा की राह होगी आसान, नियमित पढ़ाई के साथ दूसरी डिग्री का विकल्प देगा यूओयू
देहरादून। उच्च शिक्षा के दौरान अब छात्र अपनी नियमित पढ़ाई के साथ एक और शैक्षणिक उपाधि हासिल करने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को यह सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक विकास के नए रास्ते भी खोल रहे हैं।
यह जानकारी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने डीडी कॉलेज में आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम के दौरान दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, उपलब्ध पाठ्यक्रमों और उनके माध्यम से मिलने वाले अवसरों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास शिक्षा को उन लोगों तक पहुंचाना है, जो किसी कारणवश पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा नहीं बन पाते।
कुलपति ने बताया कि प्रदेश के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले कई विद्यार्थियों के लिए भौगोलिक दूरी और आर्थिक चुनौतियां उच्च शिक्षा की राह में बाधा बनती हैं। ऐसे में मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उनके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। इसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी मौजूदा पढ़ाई प्रभावित किए बिना अतिरिक्त शैक्षणिक योग्यता अर्जित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल एक डिग्री तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। अतिरिक्त शैक्षणिक योग्यता विद्यार्थियों की दक्षता बढ़ाने के साथ रोजगार और आगे की पढ़ाई के लिए भी नए विकल्प उपलब्ध करा सकती है।
कार्यक्रम में असिस्टेंट रीजनल डायरेक्टर डॉ. गोविंद सिंह ने विश्वविद्यालय की विभिन्न योजनाओं और पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की। डीडी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना रमोला ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि डॉ. क्षमा कौशिक ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक और विभिन्न संकायों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।


